After Header-1

रुड़की को मिल सकता है नया ऐतिहासिक लैंडमार्क, चंद्रशेखर आजाद चौक पर घंटाघर का प्रस्ताव

रुड़की। रुड़की शहर को एक नया ऐतिहासिक और आकर्षक पहचान दिलाने की दिशा में जिला व्यापार मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है। व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल एवं नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी से मुलाकात कर चंद्रशेखर आजाद चौक पर एक भव्य घंटाघर के निर्माण का प्रस्ताव सौंपा।

जिला व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि रुड़की ऐतिहासिक और शैक्षणिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण नगर है, लेकिन यहां अब तक एक केंद्रीय घंटाघर का अभाव है। यदि चंद्रशेखर आजाद चौक पर घंटाघर का निर्माण किया जाता है, तो यह न केवल शहर के सौंदर्य को बढ़ाएगा, बल्कि रुड़की को एक नई पहचान भी दिलाएगा। उन्होंने कहा कि यह चौक भविष्य में शहर के प्रमुख ‘लैंडमार्क’ के रूप में स्थापित हो सकता है।

प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद जोहर ने कहा कि सिविल लाइंस क्षेत्र रुड़की का मुख्य व्यापारिक केंद्र है। यहां घंटाघर बनने से पर्यटकों और बाहरी आगंतुकों का आकर्षण बढ़ेगा, जिससे स्थानीय व्यापार को भी सीधा लाभ मिलेगा।

जिला महामंत्री विभोर अग्रवाल ने बताया कि मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल ने प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस योजना पर तकनीकी सर्वे कराकर शीघ्र सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

जिला उपाध्यक्ष प्रमोद रस्तोगी ने कहा कि बैठक के दौरान चौक के आसपास सुव्यवस्थित पार्किंग, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। व्यापार मंडल ने उम्मीद जताई कि यह प्रस्ताव जल्द ही धरातल पर उतरेगा और रुड़की शहर को नई पहचान मिलेगी।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.