सर्दी, पाला और बर्फबारी के बीच आपदा प्रबंधन ने उठाए सुरक्षा के व्यापक कदम

देहरादून। मौसम विभाग ने 23 जनवरी को उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, अल्मोड़ा और नैनीताल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जनपदों में सतर्कता बढ़ा दी है।

मा0 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने सभी जिला आपदा अधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में बारिश, बर्फबारी, पाला और शीतलहर के कारण उत्पन्न संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए हर जनपद को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सचिव सुमन ने सभी विभागों—पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत, पेयजल, पशुपालन और नगर निकाय—को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। संवेदनशील और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने, आवश्यक दस्तावेज और एंबुलेंस सेवाओं को सक्रिय रखने की बात कही गई।

बर्फबारी और मार्ग अवरुद्ध होने की संभावना को देखते हुए जेसीबी, स्नो कटर और अन्य मशीनरी की अग्रिम तैनाती का निर्देश दिया गया। फिसलन से दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पाला प्रभावित क्षेत्रों में नमक और चूने का छिड़काव करने, संवेदनशील सड़कों और पुलों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने तथा आवश्यकता पड़ने पर यातायात को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए।

सर्दी से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों में अलाव की व्यवस्था, रेनबसेरों में बिजली, पेयजल, हीटर और गर्म पानी की सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पशुपालन विभाग को भी पशुओं के सुरक्षित आश्रय, चारा और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरण और इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो. ओबैदुल्लाह अंसारी और यूएसडीएमए के विशेषज्ञ उपस्थित थे। जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य किया जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.