देहरादून। प्रदेश सरकार की पहल ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन गांव की ओर’ अभियान के तहत बुधवार को चकराता ब्लॉक के सुदूरवर्ती गांव भटाड-कथियान में जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर राजकीय इंटर कालेज कथियान में उप जिलाधिकारी प्रेम लाल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने भारी उत्साह के साथ इसमें भाग लिया और अपने विभिन्न समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा।
उप जिलाधिकारी प्रेम लाल ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे पहुँचाना है। शिविर में ही ग्रामीणों के सभी आवश्यक प्रमाण पत्र तैयार किए जा रहे हैं और शिकायतों का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। कुल 29 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से अधिकांश का तुरंत निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतें संबंधित विभागों को भेज दी गईं। प्रमुख समस्याएँ सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन और राजस्व से जुड़ी थीं।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 574 लोगों का एलोपैथिक, 35 का होम्योपैथिक और 42 का आयुर्वेदिक परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयाँ वितरित कीं। ग्राम्य विकास विभाग ने 53, राजस्व ने 03 और पशुपालन विभाग ने 60 लाभार्थियों को सेवाएँ प्रदान कीं। कृषि विभाग ने 91 किसानों को कृषि यंत्र, बीज और पीएम किसान निधि का लाभ दिया। समाज कल्याण विभाग ने 68 पेंशन प्रकरणों का समाधान किया, जबकि जिला पूर्ति विभाग ने 11 राशन कार्ड की केवाईसी करवाई। पंचायती राज विभाग ने परिवार रजिस्टर, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था व दिव्यांग सहायता सहित 52 प्रकरणों का निस्तारण किया। इसके अतिरिक्त बाल विकास, श्रम, एडीएम, सेवायोजन और वन विभाग ने भी ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
शिविर में खंड विकास अधिकारी राकेश विष्ट, नायब तहसीलदार सरदार सिंह राणा, खंड शिक्षा अधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस बहुउद्देशीय शिविर से 1086 से अधिक लाभार्थियों को सेवाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिला और ग्रामीणों ने प्रशासनिक प्रक्रिया में अपनी सहभागिता का महत्व महसूस किया।