After Header-1

नारियल से लेकर वेलनेस तक: कृषि मंत्री गणेश जोशी का बड़ा विजन

देहरादून। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में सोमवार को उनके शासकीय आवास पर गोवा स्थित तेल एवं फूड उत्पाद निर्माता एक निजी कंपनी की मैनेजिंग डायरेक्टर अन्नु त्रिपाठी ने उनसे शिष्टाचार भेंट की।

बैठक के दौरान कंपनी प्रतिनिधियों ने मंत्री को अवगत कराया कि उनकी कंपनी गोवा में नारियल तथा अन्य वनस्पति तेलों के उत्पादन में कार्यरत है। “OldGoa Oils” ब्रांड के तहत शुद्ध और प्राकृतिक तेलों के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं वेलनेस से जुड़े विभिन्न उत्पाद बाजार में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन उत्पादों का उपयोग त्वचा, बालों और स्वास्थ्य देखभाल में व्यापक रूप से किया जाता है।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड में नारियल, औषधीय एवं सुगंधित पौधों के उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कैप (CAP) के निदेशक को निर्देश दिए कि ऐसी प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर किसानों की आय बढ़ाने के लिए एक ठोस और व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए। मंत्री ने विशेष रूप से कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग, मूल्य संवर्धन, प्रोसेसिंग और विपणन के माध्यम से किसानों को सीधा लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को बाजार से जोड़ने, उनकी उपज को उचित मूल्य दिलाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में गोवा की इस कंपनी के साथ भविष्य में अनुबंधन (MoU) की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई, जिससे प्रदेश के किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में यह भी विचार किया गया कि राज्य में प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने, प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने और तकनीकी सहयोग के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ा जाए। मंत्री जोशी ने विश्वास जताया कि इस तरह के सहयोग से उत्तराखंड के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर कैप निदेशक डॉ. नृपेंद्र चौहान एवं मैनेजिंग डायरेक्टर अन्नु त्रिपाठी उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.