रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में नववर्ष के साथ हुई बर्फबारी ने केदारनगरी की भव्यता में चार चांद लगा दिए हैं। एक और दो जनवरी को लगातार हुई बर्फबारी के बाद धाम पूरी तरह से सफेद चादर में लिपटा नजर आ रहा है। चारों ओर बिखरी बर्फ की चमक से केदारनाथ धाम चांदी की तरह दमक उठा है, जिसे देखने वालों की नजरें ठहर जा रही हैं।
हालांकि अभी बर्फ की मात्रा अधिक नहीं है, लेकिन मौसम के रुख को देखते हुए आने वाले दिनों में भारी बर्फबारी की संभावनाएं बढ़ गई हैं। धाम का तापमान लगातार गिर रहा है और कड़ाके की ठंड के कारण जीवन और कार्य दोनों प्रभावित होने लगे हैं। धाम की ऊंची चोटियों के साथ-साथ मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भी धीरे-धीरे बर्फ से ढकता जा रहा है।
ठंड और बर्फबारी का असर केदारनाथ में चल रहे निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों पर भी पड़ा है। पैदल मार्ग पर स्थित तालाब पूरी तरह से जम चुके हैं, जिससे आवाजाही और मशीनों से होने वाले कार्य प्रभावित हुए हैं। फिलहाल मशीनों से किया जाने वाला काम बंद कर दिया गया है।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि वर्तमान में धाम में सीमित संख्या में कार्य जारी हैं। कम बर्फ गिरने से अब तक कार्यों को जारी रखने में मदद मिली है। धाम में करीब 90 मजदूर तैनात हैं और मौसम अनुकूल रहने पर आगे भी काम जारी रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि केदारनाथ में चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी प्रधानमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री स्तर से की जा रही है।