‘दोषियों को बचा रही सरकार?’ श्रीनगर में गूंजा अंकिता को न्याय दो का नारा

श्रीनगर। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में श्रीनगर में ‘अंकिता भंडारी को न्याय दो’ पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा पौड़ी चुंगी से प्रारंभ होकर गोला बाजार तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। पदयात्रा के दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई।

गोला बाजार में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए आज पूरा प्रदेश आंदोलित है। जनता जानना चाहती है कि इस हत्याकांड में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और उनके नाम अब तक सामने क्यों नहीं लाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार न्याय दिलाने के बजाय दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सत्ता निरंकुश हो चुकी है और जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे डराने-धमकाने का काम किया जा रहा है। गोदियाल ने मांग की कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी सेवानिवृत्त या कार्यरत जज की अध्यक्षता में कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और “दूध का दूध और पानी का पानी” हो सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के समय में भाजपा नेताओं पर महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े कई मामले सामने आए हैं, लेकिन सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देने का काम कर रही है। गोदियाल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जाति का कार्ड खेलकर दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि वे सीबीआई जांच कराने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं।

गोदियाल ने कहा कि सरकार उन्हें झूठे मामलों में फंसाकर डराना चाहती है, लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि अंकिता हत्याकांड की लड़ाई एकजुट होकर लड़ी जाए, ताकि सरकार निष्पक्ष जांच के लिए मजबूर हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अंकिता को न्याय नहीं मिला तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार में हिम्मत है तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए और उनके द्वारा पूछे गए सात सवालों के जवाब दे। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि भाजपा द्वारा लगाए जा रहे राजनीति करने के आरोप निराधार हैं और कांग्रेस अपना संवैधानिक दायित्व निभा रही है।

कार्यक्रम का संचालन नगर अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल ने किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विनोद नेगी, जिपं सदस्य भानुप्रताप बिष्ट, नगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना भट्ट, मीना रावत, पूर्व आईएएस सुंदरलाल म्यूयाल सहित अनेक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.