क्रिसमस के बाद लापता युवक की मौत से नैनीताल में शोक की लहर

उत्तराखंड के पर्यटन नगरी नैनीताल में शनिवार को उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब नैनी झील से नौ दिनों से लापता एक युवक का शव बरामद हुआ। ठंडी सड़क स्थित शिव मंदिर के पास सुबह झील में एक शव उतराता दिखाई दिया, जिसे देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मल्लीताल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय नाविकों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 20 वर्षीय रोहन शर्मा पुत्र पुष्कर चन्द्र शर्मा के रूप में हुई है, जो मल्लीताल स्थित पिलग्रिम लॉज कम्पाउंड का निवासी था। रोहन 25 दिसंबर 2025 की शाम करीब चार बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने 30 दिसंबर को मल्लीताल थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

शनिवार को शव मिलने की सूचना पर मृतक के पिता पुष्कर चन्द्र शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे और अपने पुत्र की शिनाख्त की। पुष्कर चन्द्र शर्मा मल्लीताल क्षेत्र में सब्जी की दुकान चलाते हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.