इतिहास से छेड़छाड़ के खिलाफ युवा मोर्चा, हरिद्वार से उठी नई राजनीतिक पहल

उत्तराखंड के हरिद्वार में कांग्रेस पार्टी से जुड़े युवा नेताओं ने एक नई वैचारिक पहल करते हुए ‘युवा भारतीय क्रांति दल विचार मंच’ के गठन का ऐलान किया है। उत्तरी हरिद्वार में आयोजित इस बैठक का उद्देश्य युवाओं को संगठित कर देश में बढ़ती सांप्रदायिकता, इतिहास से छेड़छाड़ और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हो रहे हमलों के खिलाफ जागरूक करना रहा।

बैठक का आयोजन कांग्रेस नेता ऋषभ वशिष्ठ और मोहित शर्मा के संयोजन में तथा समाजसेवी सोम त्यागी की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर ऋषभ वशिष्ठ ने कहा कि आज देश की सत्ता में बैठे लोग उन महापुरुषों के इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं, जिनका आज़ादी की लड़ाई में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन संगठनों का स्वतंत्रता संग्राम से कोई लेना-देना नहीं था, वे आज राष्ट्रवाद के ठेकेदार बने हुए हैं और समाज में नफरत फैलाने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. भीमराव अंबेडकर, पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी जैसे नेताओं के योगदान को जानबूझकर बदनाम किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे समय में युवाओं को आगे आकर सशक्त भूमिका निभानी होगी।

बैठक में अखिल त्यागी ने ‘युवा भारतीय क्रांति दल विचार मंच’ नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि यह संगठन संकट के समय युवाओं को एकजुट करेगा और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाएगा।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ नेता सोम त्यागी ने कहा कि अब समय आ गया है कि नफरत की राजनीति का जवाब संगठन, विचार और सेवा के माध्यम से दिया जाए। उन्होंने लक्ष्य रखा कि आगामी समय में 1000 युवाओं की मजबूत टीम तैयार की जाएगी।

इस अवसर पर पार्षद महावीर वशिष्ठ, ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, डॉ. सुशील शर्मा, विमल साट्टू, ओम मलिक, नितिन यादव, मनोज सैनी सहित अनेक युवा व वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.