शॉर्ट सर्किट बना आग की वजह, लाखों का सामान जलकर खाक

मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लिबरहेडी स्थित एक कबाड़ गोदाम में बुधवार देर शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ गया। घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लिबरहेडी में स्थित सोनू ट्रेडर्स नामक कबाड़ गोदाम में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। आग की गंभीरता को देखते हुए मंगलौर के साथ-साथ रुड़की से भी दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। करीब तीन दमकल वाहनों और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग इतनी भयानक थी कि आसपास स्थित आवासीय मकानों को भी खतरा उत्पन्न हो गया था, लेकिन फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग को फैलने से रोका, जिससे आसपास के मकान सुरक्षित रह सके।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण गोदाम के पास से गुजर रही विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी ने आग का रूप ले लिया।

गोदाम मालिक शमशाद पुत्र शागीर, निवासी लिबरहेडी ने बताया कि इस हादसे में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में विद्युत तारों की नियमित जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.