पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। सुरक्षा चिंताओं के चलते दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप हो गई हैं। सीमा 12 दिनों से बंद है और चमन क्रॉसिंग को खोले जाने के दावे को पाक अधिकारियों ने झूठा और भ्रामक बताया है।
डान अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, एक वरिष्ठ सीमा शुल्क अधिकारी ने पुष्टि की कि अभी तक किसी भी प्रकार का पारगमन व्यापार या यात्री आवागमन शुरू नहीं हुआ है। चमन प्रशासन को भी इस्लामाबाद से सीमा खोलने के निर्देश नहीं मिले हैं। हालांकि, कुछ अफगान शरणार्थियों को सीमित समय के लिए स्वदेश लौटने की अनुमति दी गई थी।
इस बीच, व्यापारियों को उम्मीद है कि आज इस्तांबुल में पाकिस्तान और अफगान अधिकारियों के बीच होने वाली बैठक के बाद हालात सामान्य हो सकते हैं।
संघीय राजस्व बोर्ड (एफबीआर) ने बताया कि उसके अधिकारी सीमा पर तैनात हैं और आदेश मिलते ही सीमा खोल दी जाएगी। बताया गया है कि 1000 से अधिक ट्रक ट्रांजिट कार्गो, आयात और निर्यात खेप के साथ सीमा पर फंसे हुए हैं। यह व्यवधान प्रमुख चौकियों तोरखम, गुलाम खान, खरलाची, अंगूर अड्डा और चमन पर 12 अक्टूबर से जारी है।
एफबीआर के अनुसार, यह निलंबन केवल सुरक्षा कारणों से किया गया है और जल्द ही स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।