अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट, PM मोदी के नाम पहली पूजा

गंगोत्री। उत्तराखंड के पवित्र गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट रविवार को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसी के साथ विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का औपचारिक शुभारंभ भी हो गया है। खास बात यह रही कि दोनों धामों में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई।

गंगोत्री धाम में आयोजित कपाटोद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संकल्प लेकर प्रधानमंत्री के नाम से पहली पूजा की और देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मां गंगा के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री धाम पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अभिषेक के बाद दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर मंदिर के कपाट खोले गए। कपाट खुलते ही “हर-हर गंगे” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

वहीं, मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से यमुनोत्री धाम पहुंची। यहां धार्मिक रीति-रिवाजों के तहत पूजा संपन्न होने के बाद दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

दोनों धामों में कपाट खुलने के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे हैं। प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो सके।

चारधाम यात्रा के इस शुभारंभ के साथ ही उत्तराखंड एक बार फिर आस्था और भक्ति के रंग में रंग गया है, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करेंगे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.