रानीखेत में महिला रामलीला प्रतियोगिता का ऐलान, प्रतिभागियों के लिए खास मौका

रानीखेत। नगर में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांस्कृतिक समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें महिला रामलीला प्रतियोगिता को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समिति ने सर्वसम्मति से तय किया कि इस वर्ष महिला रामलीला प्रतियोगिता का आयोजन मई माह के अंतिम सप्ताह में किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतियोगिता की नियमावली और अन्य तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

समिति अध्यक्ष विमल सती की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पारंपरिक कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 1 और 2 मई को महिलाओं एवं छात्राओं के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला में ऐपण और रंगवाली पिछोड़ी जैसी पारंपरिक लोक कलाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा सके।

महिला रामलीला प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों को संवाद और विभिन्न प्रसंगों के साथ अपनी प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। समिति ने बताया कि विजेता टीमों को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः 11 हजार, 7 हजार और 4 हजार रुपये की नकद राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ अभिनय और गायन के लिए व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों को अपनी कला का प्रदर्शन करने का बेहतर मंच मिल सके। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन न केवल सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त अवसर भी प्रदान करते हैं।

बैठक में समिति के कई सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.