रानीखेत में कांग्रेस को मिली नई ताकत, भव्य कार्यालय उद्घाटन से बढ़ा जोश

रानीखेत। नगर में कांग्रेस संगठन को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सदर बाजार स्थित जोशी कॉम्प्लेक्स के समीप पार्टी के नए कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं पीसीसी के पूर्व अध्यक्ष करन माहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की उपस्थिति देखने को मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। उद्घाटन के बाद करन माहरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और एकजुटता पर निर्भर करती है, इसलिए सभी को मिलकर जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करें और पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाएं। साथ ही आगामी राजनीतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की भी अपील की।

इस दौरान संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा भविष्य की रणनीति को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि नए कार्यालय के शुरू होने से क्षेत्र में कांग्रेस की गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और कार्यकर्ताओं को एक मजबूत मंच प्राप्त होगा, जहां से वे संगठित होकर कार्य कर सकेंगे।

कार्यक्रम में नगर पालिका चिलियानौला के अध्यक्ष अरुण रावत, हॉकी संघ जिलाध्यक्ष अगस्त लाल साह, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज जोशी, अंबेडकर समारोह समिति के अध्यक्ष गुसाईं राम सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नए कार्यालय के उद्घाटन को संगठन के लिए सकारात्मक पहल बताया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.