सीएम धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मॉरीशस पीएम रामगुलाम को किया विदा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुलाकात की। यह मुलाकात उनके देवभूमि उत्तराखंड प्रवास के समापन अवसर पर हुई।

मुख्यमंत्री धामी ने मॉरीशस प्रधानमंत्री को चारधाम का पावन प्रसाद और राज्य के अंब्रेला ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के उत्पाद स्मृति स्वरूप भेंट किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है और आज पूरे विश्व में भारत की पताका लहरा रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि डॉ. रामगुलाम की यह यात्रा भारत और मॉरीशस के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक गहराई और मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, देवभूमि होने के नाते अपने धार्मिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक धरोहरों के लिए जाना जाता है। यहां आने वाले अतिथियों को हमेशा भारतीय संस्कृति की आत्मीयता और अपनत्व का अनुभव होता है।

डॉ. रामगुलाम ने उत्तराखंड सरकार और जनता के आतिथ्य के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस यात्रा के अनुभव उनके लिए अविस्मरणीय रहेंगे।

राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में इस भेंट को भारत–मॉरीशस संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेष रूप से हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के उत्पादों का भेंट किया जाना, उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और ‘वोकल फॉर लोकल’ की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.