उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष की मुरली मनोहर जोशी से दिल्ली में खास मुलाकात
महेंद्र भट्ट ने मुरली मनोहर जोशी को बताया पार्टी का मार्गदर्शक, की भविष्य की योजनाओं पर चर्चा
देहरादून/दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने दिल्ली में पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी से भेंट की। यह मुलाकात डॉ. जोशी के दिल्ली स्थित आवास पर हुई, जहां सांसद महेंद्र भट्ट ने उनकी कुशलक्षेम जाना और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने डॉ. जोशी को महान संगठनकर्ता, विचारक और भाजपा कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक के रूप में वर्णित किया। उन्होंने कहा कि जोशी जी ने न केवल पार्टी को मजबूत बनाया है बल्कि विशेषकर उत्तराखंड में भाजपा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में उनका योगदान अतुलनीय है। महेंद्र भट्ट ने कहा कि जोशी जी के अनुभव और नेतृत्व के दम पर उत्तराखंड भाजपा निरंतर विकास कर रही है और आने वाले समय में भी संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर दोनों नेताओं ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक रणनीतियों पर भी चर्चा की। सांसद महेंद्र भट्ट ने पूर्व केंद्रीय मंत्री से मार्गदर्शन लेते हुए उत्तराखंड में भाजपा को जनहितकारी कार्यों और विकास के कार्यों के साथ और मजबूत करने का संकल्प लिया।
डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने भी पार्टी के कार्यकर्ताओं और उत्तराखंड की प्रगति में अपने योगदान की भावना व्यक्त की और संगठन के बेहतर भविष्य के लिए सभी को एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
यह भेंट भाजपा के नेतृत्व और संगठनात्मक मजबूती को लेकर सकारात्मक संदेश रही, जो आगामी चुनावों और जनसेवा के लिए सहायक सिद्ध होगी।