जल संकट से निपटने प्रशासन का प्रोएक्टिव कदम, 247 शिकायतों का समाधान

देहरादून में जल समस्या पर जिलाधिकारी का कड़ा निर्देश, तुरंत निस्तारण का भरोसा

देहरादून। मुख्यमंत्री के सुशासन और जनसेवा संकल्प के तहत पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रोएक्टिव मोड में काम कर रहा है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि बरसात के सीजन में भी जल संकट, पानी की कमी और अन्य पेयजल संबंधी समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए।

वर्ष 2024 के 14 अप्रैल से अब तक जिले के कंट्रोल रूम को कुल 251 पेयजल शिकायतें मिलीं, जिनमें से 247 का समाधान हो चुका है। जिलाधिकारी ने यह स्पष्ट किया है कि हर दिन हर घर तक निर्बाध जलापूर्ति होनी चाहिए और पानी की कमी या गंदे पानी की शिकायत मिलने पर उसी दिन समस्या का निवारण हो।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में सात विभागों के अधिकारी 20 अप्रैल से 24 घंटे कंट्रोल रूम में तैनात हैं, जो शिकायतों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसके अलावा, सहसपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत कंडोली में जल जीवन मिशन के तहत बने टैंक में ओवरफ्लो की समस्या को भी तुरंत नियंत्रित कर लिया गया। मालडूंग नदी से अधिक पानी आने की वजह से टैंक में पानी भर रहा था, जिसे सप्लाई लाइन के वाल्व से नियंत्रित किया गया है।

दून जाखन क्षेत्र से गंदे पानी की शिकायत पर जल संस्थान की टीम ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कर समस्या का समाधान किया। राजेन्द्र नगर में भूजल स्तर कम होने से ट्यूबवेल समस्या भी शासन को प्रस्ताव भेजकर दूर करने की योजना बनाई जा रही है।

जिलाधिकारी ने पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में ट्यूबवेल और नलकूपों की विद्युत आपूर्ति निरंतर सुनिश्चित करने के साथ ही जल संस्थान और जल निगम के टोल फ्री नंबरों 0135-2726066 व 1077 के माध्यम से भी शिकायतों का तत्काल समाधान किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.