पंचायत प्रतिनिधियों से बोले सीएम धामी – गांव मजबूत होंगे तो उत्तराखंड बनेगा सशक्त

देहरादून।रुद्रप्रयाग जिले के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में विजयी हुए नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने रविवार को विधायक भरत सिंह चौधरी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में भेंट की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को अपने क्षेत्र की समस्याओं और प्राथमिकताओं से भी अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब समय है जनसेवा को प्राथमिकता देने का। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भूमिका केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि वे अपनी पंचायतों और क्षेत्रों को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में भी लगातार प्रयास करें।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि गांवों के समग्र विकास से ही उत्तराखंड का भविष्य मजबूत होगा। पंचायतें विकास की पहली इकाई हैं और इन इकाइयों को सक्षम बनाने के लिए सरकार हर संभव मदद देने को तैयार है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाएं और पारदर्शिता के साथ उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी को समर्पण और ईमानदारी से कार्य करना होगा। पंचायत प्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल और रोजगार से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता दें, जिससे गांवों की तस्वीर बदली जा सके।

सीएम धामी ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पंचायत स्तर तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और हर कदम पर जनप्रतिनिधियों को सहयोग मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.