देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार को देहरादून के परेड मैदान में आयोजित राज्योत्सव लोकसंस्कृति के रंगों से सराबोर नजर आया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक लोकनृत्य और संगीत की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह में गढ़वाल और जौनसार की समृद्ध लोकसंस्कृति की विशेष झलक देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने क्षेत्रीय लोकधुनों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विविधता, लोकपरंपराओं और विरासत को खूबसूरती से मंच पर उतारा गया।
इस दौरान प्रसिद्ध लोकगायिका संगीता डंगवाल ने भी अपनी प्रस्तुति दी। उनके लोकगीतों ने समारोह में मौजूद लोगों को उत्तराखंड की पारंपरिक संगीत विरासत से रूबरू कराया।
राज्योत्सव में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की लोककलाओं, संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं को विशेष स्थान दिया गया। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने और जनसभा को संबोधित करने के लिए देहरादून पहुंचने वाले हैं। उनके आगमन से पहले सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण बना दिया।

