
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में सिंचाई विभाग के विभिन्न पदों पर चयनित 144 अभ्यर्थियों और परिवहन विभाग में मृतक आश्रित कोटे से चयनित 43 पात्रों को मिलाकर कुल 187 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज ये युवा सिंचाई परियोजनाओं के ऐसे मजबूत स्तंभ बनेंगे, जो तकनीकी दक्षता से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि लंबे समय से लंबित *मृतक आश्रितों* को भी पहली बार न्याय मिला है। बीते वर्ष 150 आश्रितों को नियुक्तियां दी गई थीं और अब शेष 43 पात्रों को भी रोजगार मिल गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को दोहराया। उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड में भर्तियों में धांधली और पक्षपात का दौर समाप्त हो गया है। देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून उत्तराखंड में लागू किया गया है, जिससे अब सभी नियुक्तियां मेरिट के आधार पर की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश के 23,000 से अधिक युवाओं* को सरकारी नौकरियां मिली हैं, जो राज्य सरकार के समर्पण और पारदर्शिता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत और प्रतिभा का सम्मान ही सुशासन की असली पहचान है।

सीएम धामी ने *प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी* की “*आत्मनिर्भर भारत*” की परिकल्पना को आगे बढ़ाते हुए *स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों* के उपयोग का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड इस अभियान को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग में चयनित अभ्यर्थी न केवल *जल संसाधनों का प्रबंधन* करेंगे बल्कि *विकास की रूपरेखा* भी तय करेंगे। सरकार राज्य में निरंतर *सिंचाई योजनाओं का विस्तार कर रही है। इस दौरान यह भी उल्लेख किया गया कि कुछ चयनित अभ्यर्थी राज्य आंदोलनकारी क्षैतिज आरक्षण* कोटे के तहत चयनित हुए हैं, जो एक गौरवपूर्ण विषय है।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड में बेरोजगारी दर में बड़ी गिरावट आई है और अब तक 23 हजार से अधिक युवाओं*को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। सिंचाई विभाग की नई नियुक्तियों से विभाग की कार्यक्षमता और बेहतर होगी, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, सविता कपूर, सचिव युगल किशोर पंत, अपर सचिव रीना जोशी सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
