After Header-1

अखिलेश का आरोप, भाजपा कर सकती है उपचुनाव में साजिश

मैनपुरी । मैनपुरी लोकसभा सीट के लिये होने वाले उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गड़बड़ी फैलाने की आशंका व्यक्त करते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील की।

यादव ने को करहल विधानसभा क्षेत्र में चौधरी नत्थू सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित सेक्टर/बूथ प्रभारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित करते हुये कहा कि नेताजी  जनता के नेता रहे हैं।

वे हमेशा जमीन से जुडे रहे हैं। अब हमारी आपकी जिम्मेदारी है कि जो संघर्ष नेताजी ने जमीन पर रहकर जनता के लिए किया, उस संघर्ष को और मजबूत बनाकर वोट के माध्यम से पार्टी प्रत्याशी डिम्पल यादव को ऐतिहासिक जीत दिलायें। उन्होंने कहा सामाजिक आर्थिक और राजनीतिक लड़ाई अभी अधूरी है।

नेताजी जहां तक इस लड़ाई को लेकर आएं है, उसे यहां से आगे ले जाना है। श्री यादव ने कार्यकर्ताओं को सावधान करते हुए कहा कि भाजपा कुछ भी साजिश कर सकती है। उनके नेताओं के बयानों से साफ जाहिर है लेकिन मैनपुरी की जनता कभी भी समाजवादी पार्टी को हारने नहीं देगी।

मैनपुरी से नेताजी का कई दशकों से रिश्ता रहा है। यादव ने कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपील की है कि इस चुनाव को अपना चुनाव समझें। विधानसभा चुनावों में जनता ने समाजवादी सरकार बनाने का मन बना लिया था, लेकिन भाजपा ने बेइमानी की। भाजपा के लोग भी यह जानते हैं।

परिणाम उठाकर देखेंगे तो पता चल जाएगा कि किस तरह प्रशासन ने समाजवादी पार्टी को हराया है। विधान सभा चुनाव में बूथों पर अगर दो-तीन फीसदी वोट और बढ़ा लिया होता तो आज सरकार समाजवादी पार्टी की होती।

उन्होंने कहा कि असली संघर्ष और लड़ाई तो कार्यकर्ता और बूथ एजेन्ट करता है। यह चुनाव समाजवादी पार्टी की प्रतिष्ठा और नेताजी को श्रद्धांजलि देने का है। इसलिए बूथ पर तैयारी के साथ मजबूती से एक-एक वोट समाजवादी पार्टी के पक्ष में डलवायें।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.