केजरीवाल का दावा, भाजपा के कई नेता आप का कर रहे गुप्त रूप से समर्थन

धर्मपुर (गुजरात)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि गुजरात में भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता आप का गुप्त रूप से समर्थन कर रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनावों में अपनी ही पार्टी की हार देखना चाहते हैं।

गुजरात के कई शहरों में केजरीवाल को हिंदू विरोधी बताते हुए लगाए गए पोस्टरों पर आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि जिन लोगों ने पोस्टर लगाए हैं वे राक्षस और कंस की औलाद हैं।

केजरीवाल ने कहा, भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मुझसे गुप्त रूप से मिलते हैं और मुझसे सत्तारूढ़ दल को हराने के लिए कुछ करने को कहते हैं। मैं उन सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं से कहना चाहता हूं जो अपनी पार्टी को हराना चाहते हैं और गुप्त रूप से आप के लिए काम करें।

उन्होंने कहा,हमें उनके (भाजपा के) 27 साल के अहंकार को तोड़ना है। मुझे पता है कि आपके व्यवसाय हैं, यदि आप हमारे साथ जुड़ते हैं तो वे आपके व्यवसाय को नुकसान पहुंचाएंगे। आप वहीं रहें, लेकिन पार्टी को हराने के लिए गुप्त रूप से काम करें।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डरने की जरूरत नहीं है, आप अपनी पार्टी छोड़कर आप में शामिल हो सकते हैं। अपनी पार्टी को भूल जाओ। गुजरात में इस साल दिसंबर में चुनाव होने हैं। उन्होंने मतदाताओं से आगामी चुनाव में राक्षसों का सफाया करने के लिए आप का समर्थन करने का आह्वान किया।

केजरीवाल ने कहा, नए गुजरात के लिए सभी को एक होना चाहिए। पार्टी की परवाह मत करो, गुजरात के लिए काम करो, देश के लिए काम करो।उन्होंने दावा किया कि आप एक नया तूफान, नई राजनीति, नई पार्टी, नए चेहरे, नए विचार और नई सुबह की शुरुआत करेगी।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा, वे घूमते हैं और फुसफुसाते हैं कि केजरीवाल अच्छे तो हैं लेकिन वह इस बार नहीं, अगली बार गुजरात में जीतेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.