फेसबुक फ्रेंड बनाकर करते थे ठगी, दो गिरफ्तार
दोनों पश्चिम बंगाल के, दोस्ती के बाद मंहगे गिफ्ट का देते थे लालच
हल्द्वानी । पुलिस ने साइबर ठगी में लिप्त दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक फेसबुक फ्रें ड बनाकर पहले नजदीकी बढ़ते थे और फिर महंगे गिफ्ट का लालच के बहाने से ठगी को अंजाम देते थे।
दोनों पं बंगाल के रहने वाले हैं। हल्द्वानी एसटीएफ ने दोनों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। इनके पास से काफी मात्रा में एटीएम कार्ड और बैंकपास बुक भी बरामद हुई हैं। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सितंबर माह में रिटायर्ड दरोगा हयात सिंह रौतेला से दो युवकों की फेसबुक पर दोस्ती हो गई। नजदीकियां काफी बढ़ गई तो शातिर ठगों ने रिटायर्ड दरोगा की बेटी को महंगा गिफ्ट भेजने का ऑफर दे डाला।
महंगे गिफ्ट के लालच में उन्हें शातिर ठगों ने उन्हें 19 लाख का चूना लगा दिया। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस में की। जिसके बाद पुलिस भी शातिर ठगों को दबोचने के लिए सक्रिय हो गई। मामला एसटीएफ को सौंप दिया गया।
एसटीएफ प्रभारी ललित जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शातिर ठगों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें दिल्ली के मुनीर का बिलेज नामक स्थान से धर दबोचा। पकड़े गए शातिर साइबर ठगों में सूरज तमंग पुत्र चंद्रवीर तमंग निवासी 24 परगना हाल निवासी मुनीर का बिलेज दिल्ली और विक्रम लिम्बु पूत्र मोहन निवासी दार्जिलिंग हाल निवासी मुनीर का बिलेज दिल्ली हैं।
इनके पास से चार मोबाइल, 24 एटीएम कार्ड, 114 पासबुक, चेकबुक बरामद हुई हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसटीएफ प्रभारी ललित जोशी, एसआई दिनेश पंत, का. सतेंद्र गंगोला, मो उस्मान, संजय कुमार शामिल रहे।
सूरज के खाते में मिले तीन लाख
जब पुलिस ने सूरज के खाते की पड़ताल की तो उसमें तीन लाख रुपये बरामद हुए हैं। इनके और खातों को भी तलाशा जा रहा है। साथ ही इनकी आपराधिक कुंडली भी खंगाली जा रही है।
दोनों के तार नाइजीरियन ठगों से मिले
शातिर साइबर ठगों सूरज और विक्रम नाइजीरियन ठगों के संपर्क में थे। ये दोनों नाइजीरियन ठगों को इंडियन करेंसी मुहैया कराते थे। इसके एवज में नाइजीरियन ठग इन्हें साइबर ठगी के गुर सिखाते थे।