लखनऊ । यूपी में छठे चरण के लिए मतदान शुरू है। कड़े सुरक्षा के बीच 10 जिलों की 57 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे से मतदान हो रहा है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि अम्बेडकरनगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया तथा बलिया जिले में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया जो शाम छह बजे तक चलेगा।
छठे चरण में 57 विधान सभा क्षेत्रों में 676 प्रत्याशी मैदान में
उन्होने बताया कि छठे चरण में 57 विधान सभा क्षेत्रों में 676 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से 66 महिला प्रत्याशी हैं।इस चरण में 2.15 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे जिनमें 1.15 करोड़ पुरूष, 1.00 करोड़ महिला तथा 1363 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। मतदेय स्थलों पर जो मतदाता शाम छह बजे उपस्थित रहेंगे, उन सभी मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग करने दिया जायेगा।
मतदान कुल 25326 मतदेय स्थल तथा 13936 मतदान केन्द्रों में कोविड प्रोटोकाल के तहत संपन्न होगा। मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग द्वारा 56 सामान्य प्रेक्षक, 10 पुलिस प्रेक्षक तथा 18 व्यय प्रेक्षक भी तैनात किये गये हैं। उक्त के अतिरिक्त 1680 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 228 जोनल मजिस्ट्रेट, 173 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 2137 माइक्रो आब्जर्वर भी तैनात किये गये हैं।