बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने पत्रकार वार्ता में प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि विंटर टूरिज्म कॉनक्लेव के तहत जिले में पर्यटन और साहसिक पर्यटन से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें ट्रेकिंग, विलेज टू विलेज कार्यक्रम, बर्ड वॉचिंग, स्टारगेजिंग, साइक्लोथॉन, हॉट एयर बैलून और पैरामोटर जैसी रोमांचक गतिविधियां शामिल होंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में कई ऐसे खूबसूरत पर्यटन स्थल और गांव हैं, जहां प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, लेकिन अभी तक वहां पर्यटकों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम है। ऐसे स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने और वहां पर्यटन सुविधाओं का विकास करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
डीएम ने बताया कि संभावनाशील क्षेत्रों में होम स्टे योजना और ट्रैकिंग ट्रैक्शन योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करने पर भी जोर दिया जाएगा। इससे पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, खानपान और ग्रामीण जीवनशैली से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
वहीं, विलेज टू विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यटन की दृष्टि से उपयुक्त और संभावनाशील गांवों का चयन करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य उत्तरकाशी को शीतकालीन पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना और पर्यटन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देना है।

