गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक सुरेश गढ़िया ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों की ओर से लगाए जा रहे क्रिकेट किट घोटाले के आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास विकास के मुद्दों पर सरकार और क्षेत्रीय नेतृत्व को घेरने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। इसी कारण बेबुनियाद आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
क्रिकेट किट की कीमत को लेकर विधायक ने स्पष्ट किया कि किट की गुणवत्ता और उसमें उपलब्ध सामग्री के आधार पर उसकी कीमत निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक क्रिकेट किट की कीमत 32 हजार रुपये है। इन किटों का वितरण क्षेत्र के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि युवाओं को खेलों के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और वे सकारात्मक गतिविधियों में अधिक भागीदारी कर सकेंगे।
अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए गढ़िया ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग और उनके अनुरोध पर कपकोट विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। क्षेत्र में हो रहे विकास से विपक्षी दल परेशान हैं और इसी वजह से जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने विपक्षी दलों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना तथ्यों के आरोप लगाने और अनर्गल बयानबाजी करने से बचना चाहिए।

