भाजपा प्रत्याशी के पुत्र पर मारपीट का आरोप, मुकदमा दर्ज

अल्मोड़ा ।  भाजपा प्रत्याशी मोहन सिंह मेहरा के पुत्र जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह मेहरा पर एक व्यक्ति ने जातिसूचक गाली गलौज करने, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उसने भनोली तहसील में तहरीर दी है। इधर, तहसील के बाद प्रशासन ने एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार धौलादेवी ब्लाक के पाली गांव निवासी टैक्सी चालक मदन राम ने मंगलवार को राजस्व पुलिस को तहरीर दी। मदन के मुताबिक सोमवार रात नौ बजे वह दुकान के पास खड़े थे। इसी दौरान जिपं सदस्य सुरेंद्र मेहरा पुत्र मोहन सिंह मेहरा वहां आए। मदन का आरोप है कि चुनावी रंजिश के चलते सुरेंद्र ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। इस घटना से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पीड़ित परिवार ने तहसील मुख्यालय गुरुड़ा बांज में प्रदर्शन करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ा कार्रवाई की मांग उठाई।

भनोली के नायब तहसीलदार डीएस सलाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपित सुरेंद्र मेहरा के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504, 506 और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष पूरन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भनोली तहसील कार्यालय में प्रदर्शन कर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई। ब्लॉक अध्यक्ष ने इस घटनाक्रम को चुनावी रंजिश करार दिया। उन्होंने दलित के साथ मारपीट की घटना की निंदा करते हुए जल्द ही कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

इधर पीड़ित परिवार का दावा है कि सोमवार रात हुई घटना पास की एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद है। इधर भाजपा प्रत्याशी मोहन सिंह मेहरा ने अपने पुत्र पर लगे आरोपों को निराधार बताया है और कहा कि कांग्रेस बौखलाहट में इस प्रकार के षड्यंत्र कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.