नई दिल्ली, 14 नवंबर। महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की। पिछले कुछ दिनों में चलाए गए इस अभियान के दौरान कई स्थानों पर सट्टेबाजी और जुआ खेलने के सक्रिय पैनल संचालित पाए गए, जिन्हें बंद करा दिया गया। तलाशी के दौरान जांच एजेंसी ने मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं। इनसे म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए अवैध लेनदेन किए जाने के संकेत मिले हैं।
सीबीआई के मुताबिक, यह कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमुख प्रवर्तकों में शामिल मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर की गई। चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद एक नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। पूछताछ के दौरान ऐप के संचालन और देशभर में फैले पैनल संचालकों के नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं।
जांच एजेंसी ने अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर सहित विभिन्न शहरों में तलाशी अभियान चलाया। जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों के संबंध में भी चंद्राकर से पूछताछ की गई।
पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद 12 नवंबर को उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
विदेश से संचालित होता था सट्टेबाजी का नेटवर्क
सीबीआई की जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक का मुख्य संचालन विदेश स्थित कार्यालय से होता था। भारत में फैले पैनल संचालक ग्राहकों की आईडी संभालते थे और सट्टेबाजी की रकम दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराये पर लिए गए बैंक खातों में जमा कराते थे। इसके बाद हवाला नेटवर्क के माध्यम से मुनाफे की रकम विदेश भेजी जाती थी।
छत्तीसगढ़ सरकार से मामला स्थानांतरित होने के बाद इस संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। अब सीबीआई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों, विदेश में मौजूद लोगों और संबंधित लोक सेवकों की भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपितों के प्रत्यर्पण के प्रयास भी जारी हैं।
बैंक खाते और सिम किराये पर देने वालों को चेतावनी
सीबीआई ने लोगों को आगाह किया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ अवैध गतिविधियां हैं। इसके लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज किसी दूसरे व्यक्ति को देना या किराये पर उपलब्ध कराना भी अपराध है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

