नई दिल्ली, 14 नवंबर। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के जीवन, विचारों और लेखन से जुड़ी ऐतिहासिक सामग्री को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने की पहल ‘नेहरूआर्काइव डॉट इन’ ने अपने पहले वर्ष में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कांग्रेस के अनुसार, इस डिजिटल अभिलेखागार को अब तक 10 लाख से अधिक विशिष्ट आगंतुक मिल चुके हैं, जबकि इसके पेज 40 लाख से अधिक बार देखे गए हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अभिलेखागार का एक वर्ष पूरा होने पर यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस डिजिटल संग्रह में वर्ष 1903 से 1964 तक की अवधि को समेटते हुए जवाहरलाल नेहरू के चुनिंदा कार्यों के 100 खंड उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें करीब 77 हजार पृष्ठ, 34 हजार से अधिक पाठ दस्तावेज और तीन हजार से ज्यादा तस्वीरें शामिल हैं।
रमेश के मुताबिक, यह संग्रह 20वीं सदी के भारत को समझने के लिए महत्वपूर्ण प्राथमिक स्रोत के रूप में उपयोगी है। इसे स्मार्टफोन के अनुकूल बनाया गया है, ताकि इंटरनेट उपयोगकर्ता आसानी से ऐतिहासिक सामग्री तक पहुंच सकें। वेबसाइट पर सामग्री की खोज, मुफ्त डाउनलोड और अनुवाद जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि इस डिजिटल मंच को विशेष रूप से युवाओं और नई पीढ़ी की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। आम नागरिकों के साथ विद्यार्थी, शोधकर्ता, इतिहासकार, पत्रकार और नेहरू के प्रशंसक ही नहीं, बल्कि उनके आलोचक भी इस संग्रह में रुचि ले रहे हैं।
अगले संस्करण में बढ़ेगा ऐतिहासिक सामग्री का दायरा
जयराम रमेश ने बताया कि अभिलेखागार के अगले संस्करण ‘नेहरूआर्काइव@2’ में सामग्री का दायरा और विस्तृत किया जाएगा। इसमें नेहरू के चुनिंदा कार्यों के अलावा भारत और विदेश के विभिन्न स्रोतों से जुटाए गए पत्र, तस्वीरें, दस्तावेज, पुस्तकें, फिल्में और ऑडियो रिकॉर्डिंग शामिल की जाएंगी। इसके अलावा नेहरू के जीवनकाल में प्रकाशित कार्टून और रेखाचित्र भी संग्रह का हिस्सा होंगे।
यह डिजिटल अभिलेखागार जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल फंड की पहल है। इस फंड के ट्रस्ट डीड पर 21 दिसंबर 1964 को तत्कालीन उप राष्ट्रपति डॉ. जाकिर हुसैन, प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री समेत 30 प्रतिष्ठित हस्तियों ने हस्ताक्षर किए थे।
रमेश ने नेहरू की विरासत को लेकर हो रही आलोचनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह डिजिटल पहल उनके ऐतिहासिक योगदान और विचारों को संरक्षित करने तथा व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

