काजीरंगा (असम), 14 नवंबर। असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। शनिवार सुबह जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएमसीएच) में इलाज के दौरान एक और युवती ने दम तोड़ दिया। उसकी पहचान लक्ष्मी माझी के रूप में हुई है। हादसे में जान गंवाने वाले 26 लोगों में से अब तक 23 की पहचान हो चुकी है। इस घटना से पूरे राज्य में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को राष्ट्रीय उद्यान के समीप रंगाजान इलाके में एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया था।
हादसे में शुक्रवार को घटनास्थल और गोलाघाट जिले के कहरा अस्पताल में 23 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद जेएमसीएच में इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। शनिवार सुबह लक्ष्मी माझी की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा 26 पहुंच गया।
सात घायल आईसीयू में भर्ती
जेएमसीएच में सात गंभीर रूप से घायल लोगों का आईसीयू में इलाज चल रहा है। अस्पताल में भर्ती कुल घायलों की आधिकारिक संख्या अभी सामने नहीं आई है। अपुष्ट जानकारी के अनुसार, करीब 20 घायलों को जेएमसीएच में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की टीम घायलों के उपचार में जुटी है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा शनिवार को गोलाघाट के रंगाजान स्थित दुर्घटनास्थल का दौरा करने पहुंचने वाले हैं। उन्होंने अधिकारियों को सभी घायलों के बेहतर और उन्नत इलाज के लिए जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पोस्टमार्टम के लिए पहुंचेगी डॉक्टरों की टीम
हादसे में जान गंवाने वाले करीब 23 लोगों के शव गोलाघाट जिला अस्पताल में रखे गए हैं। शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए गुवाहाटी से भी डॉक्टरों की विशेष टीम गोलाघाट पहुंची है।
इस बीच विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि टोल वसूली के बावजूद सड़क की मरम्मत और रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी सड़क की स्थिति सुधारने की मांग उठाई है।

