उत्तर प्रदेश : भाजपा के एक और बसपा के छह बागी विधायकों ने सपा का दामन थामा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भाजपा के एक और बसपा के छह बागी विधायकों ने सपा का दामन थाम लिया।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इन विधायकों को सपा में शामिल करने की औपचारिक घोषणा करते हुये कहा कि अभी बहुत से नेता ऐसे हैं जो सपा में आना चाहते हैं।

यादव ने भाजपा विधायक राकेश राठौर के साथ बसपा के असलम राइनी, मुजतबा सिद्दिकी, हरगोविंद भार्गव, सुषमा पटेल, असलम अली चौधरी तथा हाकिम लाल बिंद को सपा की सदस्यता ग्रहण करायी। गौरतलब है कि राठौर सीतापुर सदर सीट से भाजपा के विधायक है।

जबकि राइनी श्रावस्ती की भिनगा सीट से, सिद्दिकी प्रयागराज की प्रतापपुर सीट से, भार्गव सीतापुर की सिधौली सीट से, पटेल बादशाहपुर की मुंगरा सीट से, चौधरी हापुड़ की ढोलाना सीट से और बिंद प्रयागराज की हंडिया सीट से विधायक हैं।

उल्लेखनीय है कि बसपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में इन छह विधायकों को इस साल पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।

इस मौके पर संवाददाता सम्मेलन में यादव ने भाजपा के सदस्यता अभियान मेरा परिवार भाजपा परिवार पर तंज कसते हुये कहा कि अब यह नारा बदल कर ‘मेरा परिवार भागता परिवार’ हो गया है।

उल्लेखनीय है कि गृह मंत्री अमित शाह ने को लखनऊ में एक महीने तक चलने वाले भाजपा के सदस्यता अभियान ‘मेरा परिवार भाजपा परिवार’ का आगाज किया था।

चुनाव से ठीक पहले दूसरे दलों के विधायकों को लेने से सपा में असंतोष बढ़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इन नेताओं का सपा में आना उनके इस दावे की पुष्टि करता है कि भाजपा से जनता बहुत दुखी है और आगामी चुनाव में उसका सफाया होना तय है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.