दून अस्पताल में सर्वर ठप, मरीजों की जान सासंत में

दोपहर 12 बजे तक नहीं बन सका पंजीकरण पर्चा, कईयों को बिना डॉक्टर को दिखाए ही लौटना पड़ा

देहरादून । दून मेडिकल कालेज चिकित्सालय यानी दून अस्पताल में
सोमवार को इलाज करने पहुंचे मरीजों की खूब फजीहत हुई। अस्पताल
की नई ओपीडी बिल्डिंग में सुबह का पंजीकरण शुरू होते ही सर्वर ठप हो
गया। जिससे मरीजों के ओपीडी जांच हेतु पंजीकरण बन ही नहीं सके।
पर्चा बनाने के लिए मरीजों व उनके तीमारदारों को ढाई-तीन घंटे तक
इंतजार करना पड़ा। इस कारण पंजीकरण काउंटर पर मरीजों की लंबी
कतार लग गई।
दोपहर बारह बजे के करीब सर्वर ने कार्य करना तो शुरू किया पर सुस्त
रफ्तार से। जो पर्चा महज कुछ सेकंड में बन जाता उसे बनाने में पांच से दस मिनट का वक्त लगा। इससे अपराह्न डेढ़ बजे तक भी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पर्चा बनाने के लिए मरीजों की भीड़ लगी रही। जबकि अमूमन हर दिन साढ़े बारह बजे तक ओपीडी जांच के लिए अधिकतम पर्चे बन जाते हैं।
सर्वर में आई दिक्कत के कारण पर्चा नहीं बनने से कई मरीजों को बिना
डॉक्टर को दिखाए वापस लौटना पड़ा। औसतन एक हजार से अधिक रहने वाली ओपडी आज नौ सौ के आसपास ही सिमट गई। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि सर्वर में कुछ तकनीकी खामी आ गई थी। बाद में इस दिक्कत को ठीक कर लिया गया और रजिस्ट्रेशन पर्चे बनने शुरू हो गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.