बिहार : शहरी क्षेत्रों में तेज होगी टीकाकरण की गति : स्वास्थ्य मंत्री

पटना। बिहार में टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में कोरोना के टीकाकरण की गति तेज की जाएगी। पांडेय ने टीकाकरण की गति को तेज करने को लेकर अपर मुख्य सचिच सहित अन्य अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की।

राज्य में 18 से 45 वर्ष तक लोगों के लिए जिलों को टीका उपलब्ध करा दिया गया है, जिससे कि टीकाकरण का कार्य तेजी से हो सके। बिहार में अभी तक एक करोड़ छह लाख कोरोना टीका का डोज लोगों को दिया जा चुका है।

टीकाकरण की गति को तेज करने और टीका की पहुंच को लोगों तक सुलभ बनाने हेतु राज्य के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में 121 कोरोना टीका एक्सप्रेस को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा रवाना किया जायेगा।

पटना में 36 गाड़ियां शहर के विभिन्न मोहल्लों में जाकर 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीका देने का कार्य करेगी। मंत्री ने बताया कि विशेष तौर पर जिन लोगों को कोरोना टीका का दूसरा डोज लेने का समय आ गया है, वैसे लोगों को खास कर इस अभियान के माध्यम से टीकाकृत किया जायेगा।

साथ ही 18 वर्ष लेकर 45 वर्ष तक के लोगों को भी इस अभियान के तहत टीका दिया जायेगा, जिससे कि टीकाकरण की गति को तेजी मिल सके। विभाग इस लक्ष्य के साथ टीकाकरण के कार्य को आगे बढ़ा रहा है कि इस वर्ष के अंत तक सभी पात्र लोगों को टीकाकृत कर दिया जाय।

Leave A Reply

Your email address will not be published.