देहरादून। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर डा. नरेश बंसल ने प्रदेशवासियों सहित देशभर के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है तथा लोगों को आपसी भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे के करीब आने का अवसर प्रदान करता है।
डा. बंसल ने अपने संदेश में कहा कि होली का यह पावन अवसर सभी के जीवन में खुशियों और अच्छे स्वास्थ्य के रंग भर दे। उन्होंने कामना की कि प्रत्येक व्यक्ति की होली आनंदमय, सुरक्षित और उत्साहपूर्ण हो। उनके अनुसार यह त्योहार हर्ष, उल्लास और नई ऊर्जा का प्रतीक है, जो जीवन में सकारात्मकता और उमंग का संचार करता है।
उन्होंने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। साथ ही यह वसंत ऋतु के आगमन का भी संकेत देता है, जो प्रकृति में नवजीवन और नई चेतना का संचार करता है। डा. बंसल ने कहा कि यह पर्व हमें नया दृष्टिकोण अपनाने और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने आगे कहा कि होली हमें यह भी याद दिलाती है कि हमें अपने विचारों को करुणा से, अपने कार्यों को दयालुता से और राष्ट्र के प्रति अपनी सोच को आशा और विश्वास के रंगों से रंगना चाहिए। यही इस पर्व का वास्तविक संदेश है।
डा. नरेश बंसल ने सभी से अपील की कि होली को प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा समाज में सद्भाव और एकता को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

