देहरादून। महेंद्र भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद ने रंगोत्सव ‘होली’ के पावन अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं सहित समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने सभी से आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव के रंगों से देवभूमि उत्तराखंड को सराबोर करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि जब दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और अशांति का माहौल है, तब भारत शांति और सौहार्द के साथ रंगों के इस पर्व को उल्लासपूर्वक मना रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे देश की यही विशेषता है कि यहां विविधता के बीच भी एकता और भाईचारे की भावना सर्वोपरि रहती है।
अपने शुभकामना संदेश में भट्ट ने कहा कि होली के रंग सभी के जीवन में खुशियों, उमंगों और सकारात्मक ऊर्जा की बहार लेकर आएं। यह पर्व केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी का भी संदेश देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे हर वर्ष की भांति इस बार भी उत्साहपूर्वक होली में भाग लें और सामाजिक एकरूपता तथा सद्भाव को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं।
दुनिया के विभिन्न देशों में जारी संघर्षों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत सौभाग्यशाली है जहां नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश शांति, विकास और कल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में होली और रमजान जैसे पर्व आपसी सम्मान और सद्भाव के साथ मनाए जा रहे हैं, जो हमारी सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।
भट्ट ने कहा कि त्योहारों का वास्तविक उद्देश्य उमंग और उत्साह के साथ नई ऊर्जा अर्जित करना है, ताकि हम समाज के कल्याण और राष्ट्र निर्माण में एकजुट होकर आगे बढ़ सकें।
