देहरादून में 5 दिवसीय करियर काउंसलर प्रशिक्षण संपन्न, अब गांव-गांव तक पहुंचेगी करियर जागरूकता

देहरादून के सुद्धोवाला स्थित सेंटर फॉर रिसर्च एंड ट्रेनिंग इन फाइनेंशियल इंस्टिट्यूट में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अधिकारियों के लिए पांच दिवसीय सर्टिफाइड करियर डेवलपमेंट प्रोफेशनल प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण का आयोजन International School of Counselling and Holistic Studies, बेंगलुरु द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में निदेशालय स्तर से लेकर जनपद स्तर तक के समस्त सेवायोजन अधिकारियों ने प्रतिभाग कर अपने कौशल को उन्नत किया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों को पेशेवर करियर काउंसलिंग की आधुनिक तकनीकों और मनोवैज्ञानिक पहलुओं से अवगत कराना था, ताकि वे छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन दे सकें।

समापन अवसर पर विभागीय सचिव रविशंकर ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते समय में छात्रों को सही दिशा देना बेहद आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारी राज्य के सुदूरवर्ती और ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों में जाकर करियर के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य करेंगे।

संस्था की ओर से प्रशिक्षक कृष्णा अय्यर एवं ममता तनेजा ने प्रतिभागियों को करियर आकलन, काउंसलिंग कौशल, संप्रेषण तकनीक और विद्यार्थियों की रुचि एवं योग्यता के अनुरूप मार्गदर्शन देने के व्यावहारिक तरीके सिखाए। प्रशिक्षण के दौरान इंटरएक्टिव सत्र, समूह चर्चा और केस स्टडी के माध्यम से अधिकारियों को व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया गया।

विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से उन्हें छात्रों की समस्याओं को समझने और उनके भविष्य को लेकर ठोस मार्गदर्शन देने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों ने संतोष व्यक्त किया और इसे उपयोगी बताया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.