लालकुआं स्थित लालकुआं-नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में निर्माणाधीन अत्याधुनिक दुग्ध प्लांट का शुक्रवार को डेरी विकास विभाग के निदेशक अशोक कुमार जोशी ने औचक निरीक्षण किया। लगभग 85 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस प्लांट की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्था को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निदेशक ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। साथ ही प्लांट में स्थापित की जा रही आधुनिक मशीनरी, तकनीकी व्यवस्थाओं और उत्पादन क्षमता को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों के लिए मील का पत्थर साबित होगी और इससे दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण तथा विपणन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
निदेशक ने दुग्धशाला में तैयार किए जा रहे दूध, पनीर, घी और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों का भी निरीक्षण किया। साफ-सफाई और पैकेजिंग व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में डेरी विकास को सशक्त बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और पारदर्शी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। नया प्लांट किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक संजय उपाध्याय, यूसीडीएफ के सामान्य प्रबंधक आर.एम. तिवारी, डॉ. पी.एस. नागपाल, दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

