जनगणना-2027 होगी पूरी तरह डिजिटल, रुद्रपुर में कार्मिकों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

रुद्रपुर में जनगणना-2027 को सफल और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में सुपरवाइजरों और गणनाकारों को डिजिटल माध्यम से डेटा संकलन की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षक दिनेश बिष्ट और विमलेश प्रजापति ने प्रतिभागियों को मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए रियल-टाइम डेटा एंट्री, हाउस लिस्टिंग, परिवार विवरण, आधारभूत सुविधाओं के सही अंकन और डिजिटल फॉर्म भरने की प्रक्रिया समझाई। प्रशिक्षण के दौरान प्रायोगिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे कार्मिकों को तकनीकी प्रक्रियाओं की बेहतर समझ मिल सके।

प्रशिक्षकों ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। मोबाइल ऐप के जरिए प्रत्येक घर से जानकारी सीधे सर्वर पर अपलोड की जाएगी, जिससे आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

उप जिलाधिकारी एवं ओसी गौरव पाण्डेय ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, इसलिए सभी कार्मिक इसे पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी घर छूटने न पाए और प्रत्येक परिवार की सही एवं अद्यतन जानकारी दर्ज की जाए।

उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी। नागरिकों को एक निर्धारित वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का विकल्प भी दिया जाएगा, जिससे वे स्वयं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और तकनीकी पहलुओं को भली-भांति समझने की अपील की, ताकि जनगणना कार्य शत-प्रतिशत सटीकता और पारदर्शिता के साथ पूरा हो सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.