उन्होंने कहा कि कांग्रेस की महिला सशक्तीकरण को लेकर की जाने वाली घोषणाओं और उसके राजनीतिक व्यवहार में स्पष्ट अंतर नजर आता है। महिलाओं के अधिकारों की पैरवी करने वाली कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि पार्टी संगठन और निर्णय लेने वाली संस्थाओं में महिलाओं को कितने अवसर दिए जा रहे हैं। देश की महिलाएं भी कांग्रेस की महिला सशक्तीकरण संबंधी प्रतिबद्धता की वास्तविकता जानना चाहती हैं।
दीप्ति रावत ने कांग्रेस के आंतरिक नेतृत्व ढांचे पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी में महिला नेतृत्व का दायरा कुछ चुनिंदा चेहरों तक सीमित दिखाई देता है। उनके अनुसार, कांग्रेस की राजनीति में एक राजमाता और उनकी बेटी को प्रमुखता मिलती रही है, जबकि सामान्य परिवारों से आने वाली प्रतिभाशाली महिलाओं और जमीनी स्तर पर संघर्ष करने वाली महिला कार्यकर्ताओं को अपेक्षित अवसर नहीं मिलते।
उन्होंने सवाल किया कि वर्षों तक संगठन के लिए मेहनत करने वाली महिलाओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपने में कांग्रेस क्यों पीछे रहती है? पार्टी में ऐसी महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने के लिए ठोस प्रयास क्यों नहीं दिखाई देते?
भाजपा महामंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल भाषणों और राजनीतिक बयानों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल करना और उन्हें नेतृत्व के अवसर देना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने कांग्रेस से महिला आरक्षण और महिला नेतृत्व के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की अपेक्षा जताई। उनके मुताबिक, महिलाओं को वास्तविक अधिकार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की प्रतिबद्धता केवल दावों से नहीं, बल्कि राजनीतिक दलों के व्यवहार और फैसलों से साबित होती है।

