इस अवसर पर डॉ. रावत ने कहा कि महिला छात्रावास बनने से दूरदराज के गांवों की छात्राओं को सुरक्षित आवासीय सुविधा मिलेगी और वे बिना किसी परेशानी के उच्च शिक्षा हासिल कर सकेंगी। वहीं, नए विद्यालय भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। खेल मैदान और सुरक्षा दीवार के निर्माण से महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता के साथ बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है, ताकि विकास का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद और मां सरस्वती की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया गया। मंत्री ने युवाओं से शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
भूमिया कप में खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
डॉ. रावत ने उफरैंखाल में आयोजित 24वें भूमिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 में भी प्रतिभाग किया। ग्राम विकास समिति भैड़गांव मल्ला और महिला मंगल दल की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे का विकास होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।
महिला मंगल दलों को बांटी सांस्कृतिक सामग्री
कार्यक्रम के दौरान ग्राम सभा डुलमोट, भतपौं, कफलगांव और भैड़गांव की महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित की गई। मंत्री ने महिलाओं से संवाद कर लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत के संरक्षण में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला मंगल दल ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

