देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 44 पटेल नगर में लंबे समय से चली आ रही सड़क समस्या के समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। कैंट विधायक Savita Kapoor ने विधायक निधि से बनने वाली सीसी सड़क का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विधायक सविता कपूर ने कहा कि नव निर्मित कॉलोनी के निवासियों द्वारा लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी। क्षेत्रवासियों की शिकायत और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आज इस कार्य की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि बरसात के दौरान होने वाली दिक्कतों से भी लोगों को राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि पूरी कैंट विधानसभा में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। लोक निर्माण विभाग, मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण और अन्य विभागों के सहयोग से हर वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे कार्यों के शुभारंभ के दौरान क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद का अवसर मिलता है, जिससे अन्य समस्याओं की जानकारी भी मिलती है और उनके समाधान की दिशा में कदम उठाए जाते हैं।
सविता कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और उत्तराखंड नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद गोविंद मोहन सहित कई स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

