देहरादून। शिक्षा निदेशक पर कथित हमले के मामले में आरोपी विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रायपुर थाने के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। उत्तराखंड युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष Vineet Prasad Bhatt के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि रायपुर विधायक Umesh Sharma पर शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट का गंभीर आरोप है, ऐसे में पुलिस को बिना देरी किए निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।
इस दौरान विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि ही कानून तोड़ने लगें, तो समाज में गलत संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और दबंगई के लिए कोई स्थान नहीं है और कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। दोषियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई जरूरी है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इनमें पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, प्रदेश महासचिव प्रवीण त्यागी, सूरत सिंह नेगी, संजय शर्मा, पार्षद महेंद्र सिंह रावत सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल थे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।