सतपाल महाराज ने करोड़ों की विकास योजनाओं की दी सौगात, 2035 के विजन पर कही बड़ी बात

उत्तराखंड सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत चल रहे 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

शनिवार को सतपाल महाराज ने पिनानी, घुडदौणस्यू, कोटा, पंचूर, मनकोट और पाटीसैंण शक्ति केंद्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण के संकल्प के साथ प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विकासखंड पाबौ के ग्राम ऋषि में 148.36 लाख रुपये की लागत से पाबौ-पिनानी-दमदेवल मोटर मार्ग के किलोमीटर 16 से 18 तक डामरीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा 123.30 लाख रुपये की लागत से पाबौ-दमदेवल मोटर मार्ग के किलोमीटर 32 और 33 के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य की भी शुरुआत कराई।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लगभग 15.84 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले झगरबौ-सिवाल-पल्ली गांव मोटर मार्ग का भूमि पूजन एवं शिलान्यास भी किया गया। वहीं ग्राम झंगरबों में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण कर इसे ग्रामीणों को समर्पित किया गया।

राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिनानी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2035 तक उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाना है। इसके लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और प्रत्येक गांव तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.