देहरादून/सितारगंज। सितारगंज क्षेत्र के समग्र विकास, बाढ़ सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के नेतृत्व में ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके देहरादून स्थित कैंप कार्यालय में मुलाकात की। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं, बाढ़ नियंत्रण कार्यों और ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुख्यमंत्री के समक्ष सितारगंज की जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याएं रखीं। उन्होंने विशेष रूप से बरसात के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी समाधान के लिए व्यापक बाढ़ सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता देने और आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल ने भी मुख्यमंत्री को सितारगंज ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों से संबंधित विकास प्रस्ताव सौंपे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण, जल निकासी, सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता बताते हुए इन योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया। उनका कहना था कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर सौरभ बहुगुणा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के सफल पांच वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याण, आधारभूत ढांचे के विकास, निवेश और सुशासन को प्राथमिकता देते हुए उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
बैठक में भविष्य की विकास योजनाओं पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। इस दौरान दक्षिण किसान सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष दलवीर सिंह बल भी उपस्थित रहे। बैठक को सितारगंज के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।