देहरादून। उत्तराखंड में स्वस्थ और सुरक्षित खाद्य प्रणाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘ईट राइट यूथ हैकाथॉन-उत्तराखंड 2026’ के विजेताओं को शनिवार को लोक भवन में आयोजित सम्मान समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन चिकित्सा स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से GAIN Global, GAIN India, Nutrition Connect तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने संयुक्त रूप से किया।
राज्यपाल ने कहा कि स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ‘ईट राइट यूथ हैकाथॉन’ शुरू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है, जो युवाओं की रचनात्मक सोच और नवाचार को समाज के हित में उपयोग करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने युवाओं से अपने नवाचारी विचारों को व्यवहारिक रूप देने और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड का सपना तभी साकार होगा, जब नागरिक स्वस्थ होंगे। इसके लिए पौष्टिक भोजन, खाद्य सुरक्षा और जनजागरूकता को बढ़ावा देना जरूरी है, जिसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी अहम भूमिका निभा सकती है।
हैकाथॉन में राज्यभर से 387 टीमों ने भाग लिया। तीन चरणों की प्रतियोगिता के बाद छह टीमों को विजेता चुना गया। प्रथम स्थान एसजीआरआर पीजी कॉलेज, देहरादून की हिमसाथी इनोवेटर्स टीम ने प्राप्त किया। दूसरा स्थान क्वांटम विश्वविद्यालय, रुड़की की सीड बिट्स टीम और तीसरा स्थान वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार की एकोर्न इनोवेटर्स टीम को मिला। इसके अलावा डीबीएस पीजी कॉलेज देहरादून, गवर्नमेंट नर्सिंग कॉलेज हल्द्वानी और गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ नर्सिंग, नई टिहरी की टीमों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि 1,600 से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि उत्तराखंड का युवा स्वस्थ और टिकाऊ खाद्य प्रणाली के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समारोह में शिक्षाविद, कुलपति, प्राचार्य, खाद्य विशेषज्ञ और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।