देहरादून। वर्ष 2027 में हरिद्वार में प्रस्तावित अर्ध कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने विभागों को अलर्ट कर दिया है। कैबिनेट मंत्री Satpal Maharaj ने सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदियों का चैनेलाइजेशन और स्टॉर्म वाटर मास्टर ड्रेनेज सिस्टम का कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
महाराज ने कहा कि अर्ध कुंभ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए नदी तटों की सुरक्षा और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विभागीय परियोजनाओं में अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सिंचाई विभाग में खाली पड़े पदों को शीघ्र भरा जाए, ताकि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा न आए। गुणवत्ता से समझौता न करने की हिदायत देते हुए मंत्री ने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
समीक्षा बैठक में सिंचाई समिति के उपाध्यक्ष ऋषि कंडवाल, सिंचाई सचिव युगल किशोर पंत, मुख्य अभियंता सुभाष पांडे, लघु सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता बी.के. तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सरकार का लक्ष्य है कि अर्ध कुंभ 2027 से पूर्व सभी आवश्यक कार्य समय से पूर्ण हों, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।