कुंभ और चारधाम यात्रा में एआई की एंट्री! सुरक्षा व्यवस्था में होगा बड़ा बदलाव

देहरादून।  उत्तराखंड में प्रस्तावित कुंभ मेला और आगामी चारधाम यात्रा को लेकर सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में गुरमीत सिंह से लोक भवन में दीपम सेठ ने शिष्टाचार भेंट कर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

डीजीपी ने राज्यपाल को चारधाम यात्रा की प्रगति, सुरक्षा रणनीति और कुंभ मेले के लिए प्रस्तावित विशेष प्रबंधों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुंभ मेले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों की निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

राज्यपाल ने निर्देश दिए कि कुंभ जैसे विश्वस्तरीय आयोजन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और अत्याधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि एआई आधारित सिस्टम के माध्यम से भीड़ प्रबंधन, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और रियल-टाइम मॉनिटरिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

उन्होंने कुंभ क्षेत्र में एक एडवांस्ड एवं एकीकृत कंट्रोल रूम स्थापित करने पर विशेष बल दिया। यह कंट्रोल रूम विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों, सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन सर्विलांस और ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम से जुड़ा रहेगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित निर्णय और प्रभावी प्रतिक्रिया संभव हो सकेगी।

इसके अलावा, राज्यपाल ने प्रदेशभर में चल रहे सघन सत्यापन अभियान को और अधिक परिणामोन्मुखी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्गों, पड़ाव स्थलों और मंदिर परिसरों में सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर जोर दिया।

राज्य सरकार का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि कुंभ मेला और चारधाम यात्रा शांतिपूर्ण व सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.