चारधाम यात्रा को लेकर दिल्ली में बड़ी बैठक, डॉ. धन सिंह रावत ने जेपी नड्डा से की खास मुलाकात

नई दिल्ली/देहरादून।  प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। गुजरात दौरे से लौटते समय हुई इस मुलाकात में चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान डॉ. रावत ने केंद्रीय मंत्री को आगामी चारधाम यात्रा के लिए राज्य सरकार द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जिसे देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की योजना तैयार की जा रही है।

डॉ. रावत ने चारधाम यात्रा मार्गों पर चिकित्सा इकाइयों की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं की तत्परता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, मोबाइल मेडिकल यूनिट्स और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार से आवश्यक सहयोग की अपेक्षा भी जताई।

इस अवसर पर डॉ. रावत ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को चारधाम यात्रा में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया, जिसे जेपी नड्डा ने सहर्ष स्वीकार किया। इससे राज्य और केंद्र के बीच समन्वय और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, सुगम और स्वास्थ्य की दृष्टि से पूर्णतः सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाएं और अधिक मजबूत होंगी।

राज्य सरकार यात्रा के सफल और व्यवस्थित संचालन के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.