भारत मंडपम में एआई इंपैक्ट समिट 2026 का आगाज, पीएम मोदी ने दिखाई टेक्नोलॉजी की नई दिशा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में सोमवार से ‘एआई इंपैक्ट समिट 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समिट और इंडिया एआई एक्सपो का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री ने विभिन्न पवेलियनों का अवलोकन करते हुए एआई आधारित नवाचारों की सराहना की और विशेषज्ञों से संवाद किया। उन्होंने भारतीय एआई स्टार्टअप सर्वम एआई सहित कई प्रदर्शनों को देखा और तकनीक को भारत के समावेशी विकास के लिए अहम बताया।

आयोजकों के अनुसार यह विकासशील देशों में आयोजित अपनी तरह का पहला एआई इंपैक्ट समिट है। समिट का मूल मंत्र ‘जन, ग्रह और प्रगति’ रखा गया है, जिसके तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को समावेशी विकास, पर्यावरणीय संतुलन और सतत प्रगति से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

समिट में हेल्थकेयर, एजुकेशन, चाइल्ड सेफ्टी और फार्मा जैसे क्षेत्रों में एआई की भूमिका पर विस्तृत पैनल चर्चाएं हुईं। विशेषज्ञों ने बताया कि एआई तकनीक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और दवा अनुसंधान को तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 45 से अधिक देशों के मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भाग ले रहे हैं। 500 से ज्यादा सत्रों में 3,250 से अधिक वक्ता और पैनलिस्ट शामिल होंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि समिट और एक्सपो में 2.5 लाख से अधिक आगंतुक पहुंचेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.