कोलकाता होटल में छापेमारी: आवामी लीग से जुड़े 6 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

कोलकाता,  कोलकाता पुलिस ने केंद्रीय कोलकाता के एक होटल में छापेमारी कर छह बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इन सभी पर वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में अवैध रूप से ठहरने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, ये सभी युवक बांग्लादेश की सत्तारूढ़ पार्टी आवामी लीग से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पार्क स्ट्रीट थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कॉलिन स्ट्रीट स्थित एक होटल में कुछ विदेशी नागरिक संदिग्ध परिस्थितियों में ठहरे हुए हैं। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सभी आरोपी बांग्लादेश से अलग-अलग समय पर मेडिकल वीजा लेकर कोलकाता आए थे, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद भी वापस नहीं लौटे।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आबिर हुसैन, मोहम्मद मामुन रशीद, मोहम्मद अलीमुन गाजी, आज़म मोल्ला, फैजल अमीन और जायदुल इस्लाम के रूप में हुई है। इनमें से आज़म मोल्ला पेशे से गायक बताया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान वह अपना गिटार साथ रखने और गाने की अनुमति देने की बात कह रहा था, जो मौके पर मौजूद अधिकारियों के लिए हैरानी का विषय बना।

सोमवार को सभी आरोपितों को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 27 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपितों की उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच है और वे मुख्य रूप से बांग्लादेश के नोआखाली और टांगाइल क्षेत्र के निवासी हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि नवंबर से इनके वीजा की अवधि समाप्त होना शुरू हुई थी और जनवरी तक सभी के वीजा पूरी तरह खत्म हो चुके थे। इसके बावजूद वे कोलकाता में विभिन्न होटलों में ठहरकर काम की तलाश कर रहे थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सजा की अवधि पूरी होने के बाद विधिक प्रक्रिया के तहत सभी को बांग्लादेश वापस भेजा जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.