आज से सीबीएसई बोर्ड परीक्षा: 43 लाख छात्र, 15,649 केंद्रों पर सख्त निगरानी

नई दिल्ली,  देशभर में आज से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। इस वर्ष 43 लाख से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्रों और अभिभावकों की भीड़ तथा उत्साह का माहौल देखने को मिला।

बोर्ड ने परीक्षा को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। देशभर में बनाए गए 15,649 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष पर्यवेक्षण की व्यवस्था की गई है। सभी केंद्र सीसीटीवी कैमरों से लैस हैं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

आंकड़ों के अनुसार, 10वीं कक्षा के लिए कुल 25,08,319 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 14,08,546 छात्र और 10,99,773 छात्राएं शामिल हैं। वहीं 12वीं कक्षा के लिए 18,59,551 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 10,27,552 छात्र और 8,31,999 छात्राएं शामिल हैं।

10वीं की परीक्षा की शुरुआत गणित (बेसिक) और गणित (स्टैंडर्ड) विषय से हुई है। दूसरी ओर, 12वीं की परीक्षा बायोटेक्नोलॉजी, उद्यमिता और शॉर्टहैंड जैसे विषयों से प्रारंभ हुई है।

परीक्षाओं के संचालन के लिए 10वीं के लिए 8,075 और 12वीं के लिए 7,574 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। बोर्ड ने छात्रों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी है।

सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में सुरक्षा, अनुशासन और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.